मूसानगर कच्ची दीवार गिरने से दो मासूम बेटियों की दबकर मौत, पिता घायल

नाहर सिंह यादव
कानपुर देहात । मूसानगर के जरसेन गांव में एक दर्दनाक हादसे में कच्ची दीवार गिरने से दो मासूम बेटियों की दबकर मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार घटना रात करीब 10:30 बजे की है। मजदूरी कर परिवार पालने वाला श्रीराम अपनी पत्नी संगीता और दो बेटियों पलक (7) और लविश (3)के साथ खाना खाकर सोने गया था। तभी अचानक भरभरा कर कच्ची दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में पिता और दोनों बेटियां दब गईं।
शोर सुनकर गांव वाले मौके पर दौड़े और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों मासूम बच्चियों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में श्रीराम (४०)पुत्र दुख्खी लाल भी दब गया था, उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया है और शरीर में कई जगह चोटें आई हैं।
मजदूरी और खेती में पति का हाथ बंटाने वाली संगीता ने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक पल में उसका परिवार उजड़ जाएगा। हाथ में बच्चों की दूध की बोतल लिए वह अपनी किस्मत को कोस रही थी और दहाड़ें मारकर रो रही थी। गांव की महिलाएं उसे संभालने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन बार-बार उसका धीरज टूट रहा था।
बताया जा रहा है कि मुकेश मजदूरी कर बड़ी खुशहाली से अपने परिवार का जीवन यापन कर रहा था। दो बेटियों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।




