*उन्नाव झील के पास मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान दोस्तों के साथ निकला था घर से।*
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के बरकोता झील के पास शनिवार देर शाम 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका येजताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्यारेपुर गांव निवासी हरिपाल का बेटा रविकांत (22) गुजरात में रहकर काम करता था। त्योहार के चलते कुछ दिन पहले ही वह गांव आया था। परिजनों के मुताबिक, 29 अगस्त को रविकांत अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
शनिवार देर शाम बरकोता झील के पास रविकांत का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखने पर उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच कराने की मांग की।
परिजनों ने पुलिस से रविकांत के साथ घर से निकले दोस्तों के बारे में जानकारी जुटाने और उन्हें आखिरी बार कहां देखा गया, इसकी पड़ताल करने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि रविकांत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
*पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण*
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस रविकांत के दोस्तों और उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिनके साथ उसे आखिरी बार देखा गया था। घटनास्थल के आसपास भी जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




