*शिक्षा विभाग को दो टूक चुनौती*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। जिले की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “हम बांदा आएंगे, जिले के सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में जाएंगे। रोक सको तो रोक लेना, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि सरकारी स्कूल-कॉलेजों की व्यवस्थाओं और वहां की वास्तविक स्थिति को जनता के सामने लाना जरूरी है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि अगर सरकारी स्कूल-कॉलेजों में सब कुछ ठीक चल रहा है तो फिर पत्रकारों और समाजसेवियों को जमीनी हकीकत देखने से रोकने की कोशिश क्यों की जाती है। उन्होंने कहा कि वह अकेले नहीं जाएंगी, बल्कि पत्रकारों और समाजसेवियों के साथ स्कूल-कॉलेजों का जायजा लेंगी और जो भी स्थिति मौके पर सामने आएगी, उसे तथ्यों के साथ जनता के सामने रखा जाएगा। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि सरकारी संस्थानों में जनता के पैसे का इस्तेमाल होता है, इसलिए वहां पारदर्शिता और जवाबदेही भी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि “जितने मुकदमे लिखवाने हैं लिखवा दीजिए, जितनी बार जेल भेजना है भेज दीजिए, लेकिन भ्रष्टाचार और गलत व्यवस्था के खिलाफ हमारी आवाज नहीं रुकेगी।” उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी या कर्मचारी से व्यक्तिगत विवाद नहीं है, लेकिन यदि कहीं लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता के प्रमाण सामने आते हैं तो सवाल जरूर पूछे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा विभाग को अपने काम और व्यवस्थाओं पर पूरा भरोसा है तो पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सवालों से घबराने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि “बांदा की जनता को जवाब चाहिए और हम जवाब लेकर रहेंगे।” उनके इस बयान से जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।




