हर घर तिरंगा अभियान: कानपुर देहात में 13 अगस्त को अकबरपुर ओवर ब्रिज तक सजेगी राष्ट्रभक्ति की राह
शिक्षक संगठनों के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
राजेश कटियार
कानपुर देहात। स्वतंत्रता दिवस 2026 के पावन अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पत्र के अनुसार आगामी 13 अगस्त 2026 को जिले में तिरंगा यात्रा 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह तिरंगा यात्रा प्रभारी मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में निकाली जानी तय हुई है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार यात्रा में शामिल होने वाले सभी लोगों को 13 अगस्त 2026 की सुबह ठीक 9 बजे अकबरपुर डिग्री कॉलेज अकबरपुर के परिसर में अनिवार्य रूप से एकत्रित होना होगा। इसके बाद यह भव्य तिरंगा यात्रा अकबरपुर डिग्री कॉलेज परिसर से शुरू होकर अकबरपुर ओवर ब्रिज तक जाएगी।शासन और जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशों के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने सभी मान्यता प्राप्त शैक्षिक संघों के जिलाध्यक्षों, जिला मंत्रियों और समस्त जिला व ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों को इस राष्ट्रभक्ति के उत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है। संगठन के सभी पदाधिकारियों से यह विशेष अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित समय पर शालीन भारतीय परिधान यानी पारंपरिक वेशभूषा में अकबरपुर डिग्री कॉलेज परिसर में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को पूरी गरिमा और भव्यता के साथ सफल बनाया जा सके।




