*हिसार में कांवड़ियों की भीड़ पर फायरिंग: पति-पत्नी और 12 साल की मासूम को लगी गोली; एमएलए के हॉस्पिटल के पास 6 बदमाशों ने की वारदात*
हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के बिल्कुल पास खूनी खेल खेला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच से छह बदमाशों ने दयानंद कॉलोनी में तिकोना पार्क और शिव मंदिर के पास मौजूद कांवड़ियों की भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
बदमाशों ने करीब 6 राउंड फायर किए, जिसमें पति, पत्नी और उनकी 12 साल की बेटी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। कई कांवड़िए जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए। बदमाशों के जाने के बाद भी काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बन रहा।
उधर, आसपास के लोगों ने तीनों घायलों को पास के ही जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। बताया गया है कि दो बदमाशों की पहचान कर ली गई है, जिन पर पहले से आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात शिव मंदिर के पास काफी संख्या में कांवड़िए एकत्रित हो रहे थे, जो दर्शन करके आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और 12 साल की बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को छोड़ने जाने के लिए वहां आया था। उसका भांजा भी कांवड़ लेने जा रहा था। तभी दो बाइकों पर 5-6 नकाबपोश बदमाश पहुंचे और बिना कुछ कहे दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
इस फायरिंग में गोविंद, उसकी पत्नी और बेटी गोली लगने से घायल हो गए।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार का कहना है कि अभी घायलों के बयान दर्ज कर रहे हैं। इसके आधार पर पर्चा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।




