*मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़क अभियान पर सवाल, सहजनी–शंकरपुर मार्ग पर जानलेवा गड्ढों से बढ़ा खतरा*
उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के बावजूद सदर विधानसभा क्षेत्र का सहजनी–शंकरपुर मार्ग बदहाल बना हुआ है। बारिश के बीच सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के जिन हिस्सों की स्थिति पहले से ठीक थी, वहां दोबारा डामरीकरण कर दिया गया, जबकि सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को मरम्मत से वंचित छोड़ दिया गया। बारिश के चलते गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर चलना और अधिक जोखिम भरा हो गया है। देवारा खुर्द और सम्भर खेड़ा पुलिया के पास सड़क की हालत सबसे खराब बताई जा रही है। यहां बने बड़े गड्ढों से दोपहिया वाहन चालकों, किसानों और स्कूली बच्चों को रोजाना खतरे का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के मौसम में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने शासन और लोक निर्माण विभाग से सहजनी–शंकरपुर मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




