राजधानी लखनऊ में सजी मातृ दिवस की यादगार शाम, सुर ताल संगम संस्था के मंच पर सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका आशा भोंसले को दी गई संगीतमय श्रद्धांजलि*

विश्व मातृदिवस के पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सुर ताल संगम द्वारा पार्श्वगायिका आशा भोंसले को समर्पित एक भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि संध्या का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय संगीत जगत की महान हस्ती आशा भोंसले की स्मृति में द्वितीय संगीतमय श्रद्धांजलि प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर संस्था के सभी प्रमुख पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सुर ताल संगम इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स सहित अनेक प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा आशा भोंसले के गाए लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व के सम्मान के साथ-साथ संगीत के माध्यम से भावनात्मक अभिव्यक्ति को मंच पर प्रस्तुति करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रामकुमारी जायसवाल जी की गरिमामयी उपस्थिति ने सभी कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। बतौर विशिष्ट अतिथि पधारे सुप्रसिद्ध रंगकर्मी नवीन श्रीवास्तव एवं गायिका श्रीमती संगीता जायसवाल ने सभी कलाकारों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए आयोजनकर्ता को साधुवाद प्रेषित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं प्रमुख पदाधिकारियों के द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सुप्रसिद्ध गायक अविजित श्रीवास्तव की भजन प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद अभय श्रीवास्तव,करूणा सचान, संगीता शुक्ला,दिनेश श्रीवास्तव,वंदना गुप्ता,हरीश चंद्र कांडपाल, सीमा श्रीवास्तव,सुनीता कांडपाल, हिमांशु वर्मा,सीमा विरमानी,सलीम अब्बासी,अनीता सिंह,माया तुन्नू,वंदना श्रीवास्तव,नीरजा पांडेय,अतुल श्रीवास्तव,आनंद कुमार,डॉ राका सिन्हा,किरन सोनी,नमिता अग्रवाल समेत सुर ताल संगम इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभाशाली बाल कलाकार आद्या सिंह, अद्विका श्रीवास्तव, शरण्या सिंह, युविका पांडेय और रिशानी श्रीवास्तव आदि ने खूबसूरत प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री अजय श्रीवास्तव के अनुसार, संस्था की डायरेक्टर डॉ जया श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व तथा लोकप्रिय संगीत प्रशिक्षक अविजित श्रीवास्तव के संयोजन में यह आयोजन न केवल संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार का भी एक सशक्त माध्यम बना।
संस्था द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कलाकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र आदि भेंट कर सम्मानित किया गया।




