ईशान–सूर्या की आंधी में उड़ा न्यूजीलैंड, भारत ने दूसरा टी20 सात विकेट से जीता
डिस्ट्रिक हेड।
राहुल द्विवेदी
भारतीय टीम ने शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 209 रन का विशाल लक्ष्य महज़ 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज़ सात गेंद के भीतर दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। संजू सैमसन पांच गेंद में छह रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभालते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्हें ईश सोढ़ी ने पवेलियन भेजा।
वहीं सूर्यकुमार यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए। शिवम दुबे ने भी 18 गेंदों में 36 रन की तेज़ पारी खेली। इन पारियों की बदौलत भारत ने 28 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी, डफी और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले न्यूजीलैंड को डेवोन कॉनवे और टिम साइफर्ट ने तेज़ शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। कॉनवे को हर्षित राणा ने 19 रन पर आउट किया, जबकि साइफर्ट 24 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने।
ग्लेन फिलिप्स (19), डेरिल मिचेल (18) और मार्क चैपमैन (10) खास योगदान नहीं दे सके। रचिन रविंद्र ने 26 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि कप्तान मिचेल सैंटनर ने सर्वाधिक 46 रन की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके।
स्कोर कार्ड:
भारत – 209/3 (15.2 ओवर)
न्यूजीलैंड – 208/6 (20 ओवर)




