*उन्नाव मुख्यालय समेत तहसील और ब्लाॅकों में बनेंगे 19 हेलीपैड
।*
खबर उन्नाव से है यहाँ जिला मुख्यालय तहसील और ब्लाॅकों में 19 हेलीपैड बनाए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने स्थायी हेलीपैड निर्माण को मंजूरी दे दी है। मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिला प्रशासन को हेलीपैड के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। एक हेलीपैड के निर्माण पर करीब 40 लाख का खर्च आएगा।
_अभी जनपद में एक भी स्थायी हेलीपैड नहीं है। मंत्रियों के आने पर आनन-फानन अस्थायी हेलीपैड बनाए जाते हैं। मंत्रियों के वापस जाते ही अस्थायी हेलीपैड बेकार हो जाते हैं। इससे सरकारी धन की बर्बादी होती है। अब प्रदेश सरकार ने स्थायी हेलीपैड बनाने के आदेश दिए हैं। पिछले दिनों मुख्य सचिव एसपी गोयल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों को जानकारी दी थी। उन्होंने जिला मुख्यालय सहित तहसील व ब्लाॅक स्तर तक हेलीपैड बनाने के आदेश दिए थे। इसके लिए जमीन का चिह्नांकन कर रिपोर्ट भेजने के लिए कहा था।
डीएम ने मामले में एसडीएम को जल्द हेलीपैड के लिए भूमि चिह्नित करके रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी अभियंताओं के मुताबिक सीसी हेलीपैड का निर्माण करने में करीब 30 से 40 लाख का खर्च आएगा। भूमि चिह्नांकन के बाद प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा जाएगा।
*छह तहसीलों और 12 ब्लॉकों में बनेंगे हेलीपैड*
जिले में कुल ब्लाॅकों की संख्या 16 है लेकिन इसमें चार ब्लाॅक बांगरमऊ, हसनगंज व सफीपुर आदि तहसील परिसर में ही स्थित है। एक ही परिसर में तहसील व ब्लाॅक होने से एक ही हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। इस आधार पर छह तहसील और 12 ब्लाॅकों में हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। एक हेलीपैड जिला मुख्यालय पर बनेगा। हेलीपैड से सड़क तक के लिए एप्रोच रोड अलग से बनेगी। कहीं पर रोड से हेलीपैड की दूरी 200 मीटर हो सकती है तो कहीं पर 300। इसलिए इसके लिए अलग प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा।
बाइट_ गौरांग राठी_डीएम उन्नाव।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




