कुशाग्र हत्याकांड: तीन दोषियों को आज सुनाई जाएगी सजा, परिवार की निगाहें अदालत पर
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर के चर्चित कुशाग्र कन्नौजिया हत्याकांड में दोषी करार दिए गए तीनों आरोपियों को आज सजा सुनाई जाएगी। अपर जिला जज-11 सुभाष सिंह की अदालत में सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी। इस दौरान कुशाग्र के परिजन भी अदालत में मौजूद रहेंगे, जिनकी निगाहें न्याय के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।
मंगलवार को अदालत ने ट्यूशन टीचर रविता वत्स, उसके प्रेमी प्रभात शुक्ला और उसके साथी आर्यन को हत्या व साजिश का दोषी करार दिया था। कोर्ट ने माना कि तीनों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत छात्र कुशाग्र की हत्या की।
इसके साथ ही अदालत ने प्रभात शुक्ला और आर्यन को साक्ष्य मिटाने के आरोप में भी दोषी ठहराया है। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले में कुल 14 गवाहों को पेश किया गया था। 13 जनवरी को अंतिम बहस पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर 2023 को हाईस्कूल के छात्र कुशाग्र का कोचिंग जाते समय अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
अब अदालत के फैसले पर न सिर्फ पीड़ित परिवार, बल्कि पूरा शहर नजरें लगाए हुए है।




