थाने में अधिवक्ता को हथकड़ी लगाने का आरोप
सैकड़ों वकीलों ने खोला मोर्चा, सीपी से कार्रवाई की मांग
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। अधिवक्ता फैयाज के साथ मारपीट, जानलेवा हमले और थाने में हथकड़ी लगाए जाने के आरोप को लेकर अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में सैकड़ों वकीलों ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
द लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट रविन्द्र शर्मा ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 18 जनवरी 2026 को अधिवक्ता फैयाज अपनी मां के साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़ी गाड़ियों को हटाने को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद के कुछ ही देर बाद एक पार्षद का पुत्र अपने लगभग 15 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और अधिवक्ता फैयाज पर हमला कर दिया। गला दबाकर मारपीट की गई, जबकि बचाव में आई मां और भाई के साथ भी हाथापाई की गई।
इतना ही नहीं, अधिवक्ताओं का आरोप है कि फैयाज को थाने ले जाकर दबाव में हथकड़ी पहनाकर बैठाया गया, उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया और गलत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया। अधिवक्ता समाज का कहना है कि पूरे घटनाक्रम में पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस आयुक्त स्तर पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।




