प्लास्टिक फैक्टरी में लगी भीषण आग, चप्पे-चप्पे पर फैला धुआं
नौ फायर यूनिटों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दादा नगर स्थित विनायक ट्रेडर्स की प्लास्टिक फैक्टरी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से फैक्टरी में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की नौ गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
दादा नगर के प्लॉट संख्या 156-बी में संचालित प्लास्टिक फैक्टरी में आग लगने की सूचना सुबह करीब साढ़े पांच बजे मिनी कंट्रोल रूम, फजलगंज को मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायर स्टेशन फजलगंज से दमकल दल तत्काल मौके पर रवाना हुआ।
फैक्टरी के अंदर प्लास्टिक के दाने, तैयार प्लास्टिक सामान और खिलौने बड़ी मात्रा में रखे होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आसपास घना औद्योगिक क्षेत्र होने के चलते स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त फायर टेंडरों को बुलाया गया।
मिनी कंट्रोल रूम के माध्यम से पनकी, मीरपुर कैंट, लाटूश रोड, कर्नलगंज, किदवई नगर और जाजमऊ फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अग्निशमन अधिकारियों के नेतृत्व में फैक्टरी को चारों ओर से घेरकर होज पाइप लाइन बिछाई गई और आग को उसी परिसर तक सीमित कर दिया गया।
भीषण गर्मी और घने धुएं के बीच अग्निशमन एवं आपात सेवा कानपुर नगर की कुल नौ यूनिटों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




