योगी की पाती डॉ रचना सिंह ने बाँची

उन्नाव। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी अपनी ‘योगी की पाती’ के माध्यम से अपने प्रदेशवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं जिसमें वे विभिन्न मुद्दों जैसे साइबर अपराध से बचाव,सड़क सुरक्षा व AI तथा तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जनता को जागरूक कर रहे हैं।
शीतकालीन अवकाश के बाद विद्यालय पुनः बच्चों के लिए खुल गए हैं।बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए शिक्षक घर- घर संपर्क कर रहे हैं। ऐसे में उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा, कंपोजिट की शिक्षिका डॉ रचना सिंह ने अपने शिक्षक साथियों के साथ मिलकर बच्चों के घरों में संपर्क किया।उन्होंने वहां चौपाल लगा लोगों को मुख्यमंत्री योगी जी की पाती से अवगत कराया।उन्होंने योगी जी की पाती की प्रतियों की छायाप्रति निकलवाकर गांव में सभी के घरों में वितरित की। डॉ रचना सिंह ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री जी सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जानहानि को देखकर अत्यंत दुखी हैं।सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की अकाल मृत्यु हो जाती है और शोक संतप्त परिवार पीछे छूट जाता है।ऐसी स्थितियां न हों इसके लिए प्रदेश भर में 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।अपनी पाती में मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों से यातयात नियमों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने अपनी पाती में प्रदेशवासियों से तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करने,नशे में गाड़ी न चलाने की बात की। उन्होंने सभी से सहयोग की अपेक्षा की।अपनी पाती में उन्होंने प्रदेशवासियों से पैदल चलने वालों का अत्यधिक ध्यान रखने तथा उनके प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रदेशवासी सड़कों को सुगम सुरक्षित बनाने में तथा नियमों का पालन करने में सहयोग करेंगे। डॉ रचना सिंह ने सभी नवयुवकों, अभिभावकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।




