IIT कानपुर में पीएचडी छात्र ने की आत्महत्या, पत्नी-बेटी के साथ रहता था
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
आईआईटी कानपुर में मंगलवार को एक पीएचडी छात्र ने हॉस्टल की इमारत से कूदकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के चुरू निवासी स्वरूप ईश्वराम (25) के रूप में हुई है। वह आईआईटी कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ अर्थ साइंस में पीएचडी कर रहा था और परिसर में ही अपनी पत्नी मंजू व दो वर्षीय बेटी के साथ रह रहा था।
परिजनों और पुलिस के अनुसार, स्वरूप लंबे समय से एंजायटी (चिंता संबंधी बीमारी) से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर अचानक उसने हॉस्टल की छठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना पत्नी ने आईआईटी प्रशासन को दी, जिसके बाद उसे गुरुदेव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि छात्र मानसिक तनाव से जूझ रहा था और इलाजरत था। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।




