लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट टेकऑफ से पहले रुकी, डिंपल यादव समेत 151 यात्री सुरक्षित
फिरोज खान की रिपोर्ट
लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार को बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2111 टेकऑफ के दौरान अचानक रनवे पर ही रुक गई। विमान में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिंपल यादव समेत 151 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया।
टेकऑफ से पहले पायलट ने लगाए इमरजेंसी ब्रेक
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट सुबह 11:10 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थी। विमान ने रनवे पर रफ्तार पकड़ ली थी, तभी यात्रियों ने जोरदार आवाज सुनी। बताया गया कि विमान को हवा में उठने के लिए पर्याप्त thrust (दबाव) नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में पायलट ने तुरंत “Abandoning Take Off” की सूचना ATC को दी और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया। बाद में विमान को टैक्सी-वे से वापस लाकर बे संख्या-07 पर खड़ा कर दिया गया।
DGCA ने मांगी रिपोर्ट, इंडिगो ने जारी किया बयान
घटना के बाद DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) ने इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एयरलाइन की ओर से कहा गया कि तकनीकी कारणों की वजह से फ्लाइट को रोकना पड़ा, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हालांकि, कंपनी ने तकनीकी खराबी की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की है।
यात्री बोले- “भगवान ने बचा लिया”
इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। एक यात्री ने मीडिया से बातचीत में कहा, “भगवान ने बचा लिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।” सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।
क्या होता है Abandoning Take Off?
एविएशन नियमों के मुताबिक, जब रनवे पर दौड़ता हुआ विमान अचानक रुक जाता है तो इसे Abandoning Take Off कहा जाता है। यह स्थिति तब आती है जब इंजन में कोई बड़ी खराबी हो, असमान्य आवाज सुनाई दे या पायलट को किसी खतरे का अंदेशा हो। ऐसे में पायलट तुरंत टेकऑफ रोक देता है और आपातकालीन ब्रेक लगाता है ताकि विमान और यात्रियों की जान बचाई जा सके।




