जालौन: नवविवाहिता को ब्लैकमेल करता था गांव का युवक, धमकियों से तंग आकर फांसी लगाकर दी जान, पिता की तहरीर पर केस दर्ज
ब्यूरो चीफ जालौन: शैलेंद्र सिंह तोमर
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ऐदलपुर गांव में बीस दिन पूर्व नवविवाहिता द्वारा की गई आत्महत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतका के पिता ने गांव के ही युवक पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता मान सिंह का आरोप है कि गांव का युवक बीटू उनकी बेटी रश्मि को काफी समय से परेशान कर रहा था। बीटू के पास रश्मि की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो थे, जिनके आधार पर वह उसे धमकाता और ब्लैकमेल करता था।
मान सिंह के अनुसार, उन्होंने बीटू की हरकतों की शिकायत करने उसके भाइयों राहुल, रोहित और मोहित से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें उल्टा वहां से भगा दिया गया। इसके बाद 5 मई 2025 को उन्होंने बेटी रश्मि की शादी कर दी।
शादी के कुछ दिन बाद, जब रश्मि 18 मई को मायके आई, तो बीटू को इसकी भनक लग गई और उसने फिर धमकी देना शुरू कर दिया। 24 मई की रात जब माता-पिता किसी निमंत्रण कार्यक्रम में गए हुए थे, उसी दौरान बीटू ने रश्मि को फोन कर बाहर बुलाया और धमकाया। अगले दिन सुबह लगभग चार बजे, रश्मि ने अपने कमरे में साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद अब रश्मि के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने बीटू और उसके तीन भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




