*चंद्रशेखर आजाद के समर्थन में अंबेडकर पार्क में धरना, योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी*
उन्नाव। गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को कथित रूप से रोके जाने और उनके काफिले के साथ दुर्व्यवहार व हमले के विरोध में रविवार को उन्नाव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। बता दे कि सिविल लाइन स्थित अंबेडकर पार्क में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र हुए और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निर्वाचित सांसद चंद्रशेखर आजाद पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख साझा करने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोकने के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। कार्यकर्ताओं ने काफिले पर हमला करने वालों और घटना में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरना दे रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
*अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता*




