*चमकेगा कालिंजर दुर्ग का नीलकंठ मंदिर मार्ग*
बाँदा-ब्यूरो
अल्तमश हुसैन
बांदा। बुंदेलखंड की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को संवारने में जुटी योगी सरकार ने बांदा को एक और बड़ी सौगात दी है। ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर तक जाने वाले मार्ग का अब कायाकल्प होगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा 7.44 करोड़ रुपये की लागत से किलोमीटर 1 और किलोमीटर 2 का चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और रोड सेफ्टी का कार्य कराया जाएगा। सरकार ने इसके लिए 20 दिसंबर तक काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। नीलकंठेश्वर धाम आदिकाल से आस्था का केंद्र रहा है, लेकिन किले की दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होती थी। संकरी और जर्जर सड़क से हादसों का डर भी बना रहता था। योगी सरकार के इस फैसले से अब न सिर्फ श्रद्धालुओं का सफर सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि बुंदेलखंड में धार्मिक पर्यटन को भी नई रफ्तार मिलेगी। चमचमाती सड़क, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और बेहतर कनेक्टिविटी से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने बुंदेलखंड की इस अमूल्य धरोहर को उपेक्षित रखा, लेकिन डबल इंजन सरकार में पौराणिक स्थलों का गौरव फिर से लौट रहा है। इस परियोजना से कालिंजर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।




