*उन्नाव: डीएम ने ‘संभव अभियान’ जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, कुपोषण के खिलाफ तीन माह चलेगा अभियान*
उन्नाव। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने रविवार को तहसील बांगरमऊ परिसर से बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) द्वारा संचालित ‘संभव अभियान’ के तहत निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 जुलाई 2026 से शुरू होकर तीन माह तक चलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों तथा छह वर्ष तक के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और नियमित टीकाकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं का लाभ प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना भी अभियान की प्राथमिकता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आईसीडीएस विभाग के अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संचालित करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी बांगरमऊ, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार, आईसीडीएस विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*पंकज श्रीवास्तव* ब्यूरो
*अस्तित्व कुशवाहा* उन्नाव संवाददाता




