*कानपुर की एलिस गोस्वामी ने लहराया शहर का परचम*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर की नन्हीं प्रतिभा एलिस गोस्वामी ने यूपी स्टेट अंडर-07 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता सीतापुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर से आई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट के पांचवें और अंतिम राउंड में प्रयागराज की अनिका सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने गाजियाबाद की भूमि त्यागी को हराकर 5 में से 5 अंक हासिल किए। वहीं बिजनौर की आर्यका सिंह ने भी 4 अंकों के साथ मजबूत प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में कानपुर की एलिस गोस्वामी ने भी शानदार खेल दिखाते हुए अलीगढ़ की सांचिका उपाध्याय को पराजित किया और कुल 4 अंक अर्जित किए। टाई-ब्रेक के आधार पर आर्यका सिंह प्रथम उपविजेता रहीं, जबकि एलिस गोस्वामी को द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया।
एलिस को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ट्रॉफी और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। खास बात यह है कि एलिस गोस्वामी कानपुर से इस प्रतियोगिता में टॉप-3 में स्थान बनाने वाली पहली खिलाड़ी बनी हैं, जिससे उन्होंने शहर का गौरव बढ़ाया है और नेशनल चैंपियनशिप के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
एलिस की इस उपलब्धि से कानपुर के शतरंज जगत में खुशी की लहर है। कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने उन्हें इस सफलता पर बधाई दी है।
गौरतलब है कि 7 फरवरी 2026 को आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित किड्ज़ रेटेड ओपन शतरंज प्रतियोगिता में भी एलिस ने अंडर-8 ओपन चैंपियनशिप में ट्रॉफी और नगद पुरस्कार जीता था। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपने से दोगुनी उम्र के खिलाड़ियों को भी पराजित कर सबको चौंका दिया था।
इसके अलावा 19 अप्रैल 2026 को एचबीटीआई, कानपुर में आयोजित अंडर-07 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप में भी एलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
पिछले एक वर्ष में एलिस गोस्वामी ने कानपुर में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में लगातार जीत हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
टाइम्स एंड स्पेस न्यूज की ओर से एलिस गोस्वामी को उज्जवल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।




