विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
कानपुर। नगर, दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर के साइंस एसोसिएशन एवं जन्तु विज्ञान विभाग द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक प्रभावशाली एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “हमारी ताकत हमार ग्रह” पर विशेष बल देते हुए छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया।
जन्तु विज्ञान विभाग की इंचार्ज प्रो. अंजली श्रीवास्तव ने कहा पृथ्वी के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रो. सुनीता आर्या ने कहा कि “हमारी शक्ति केवल संसाधनों के उपयोग में नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संतुलित उपयोग में निहित है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक परिवर्तन—जैसे ऊर्जा की बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण—को अपनाए, तो यह सामूहिक प्रयास पृथ्वी के भविष्य को सुरक्षित बना सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं द्वारा पृथ्वी संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए, जिनमें जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सतत विकास आदि प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान एक पीपीटी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें मिस तस्मीन फातिमा, शिवांगी सिंह एवं नेहा शाक्य ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया और सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. रचना सिंह, डॉ. इशिता पांडेय, डॉ. शालिनी शुक्ला एवं डॉ. कंचन मित्तल सहित विभाग के अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने पृथ्वी को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया।
हरिओम की रिपोर्ट




