*कानपुर में ऑनलाइन IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, ₹3.91 करोड़ नकद बरामद*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश)
कानपुर पुलिस ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेंट्रल जोन पुलिस द्वारा देर रात साउथ जोन क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान में फजलगंज थाना पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम ने मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले नेटवर्क को धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब ₹3.91 करोड़ की भारी नकदी बरामद की। इस कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मोबाइल ऐप के माध्यम से Indian Premier League (IPL) मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी अलग-अलग लोगों को जोड़कर एक बड़े नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन कर रहे थे।
मौके से 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें सट्टेबाजी से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है। पुलिस अब इन डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि पूरे रैकेट के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस आयुक्त ने टीम की सराहना करते हुए ₹50,000 का इनाम घोषित किया है। अधिकारियों के अनुसार, फरार सरगना की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कड़ा संदेश गया है और भविष्य में ऐसे नेटवर्क पर और सख्ती से कार्रवाई जारी रहने के संकेत मिले हैं।




