*क्लीनिक में घुसकर दबंगों का हमला, मरीज घायल — CCTV में कैद वारदात*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश)
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में दबंगों की खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। रोशन नगर इलाके में स्थित एक निजी क्लीनिक में घुसकर कुछ युवकों ने जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस दौरान क्लीनिक में मौजूद एक मरीज भी घायल हो गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्लीनिक संचालक सादाब अहमद का पास के एक सैलून संचालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश में सैलून संचालक अपने करीब पांच साथियों के साथ ‘संजीवनी क्लीनिक’ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अंदर घुस गया। इसके बाद सभी आरोपियों ने क्लीनिक में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, बाहर से पथराव भी किया गया।
हमले के दौरान क्लीनिक में मौजूद एक मरीज पथराव की चपेट में आकर घायल हो गया। क्लीनिक के शीशे टूट गए और अंदर रखे चिकित्सा उपकरण व फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचा। CCTV फुटेज में कई युवक क्लीनिक के अंदर घुसकर हंगामा और हिंसा करते साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित सादाब अहमद ने थाना रावतपुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




