*कानपुर कमिश्नरेट में क्राइम मीटिंग: अपराधियों पर सख्ती, लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश)
कानपुर कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें शहर के सभी जोन के डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य फोकस कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासतौर पर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं।
हाल ही में सामने आए किडनी खरीद-फरोख्त जैसे गंभीर मामले में बेहतर कार्य करने पर डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी की विशेष सराहना की गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए। चाइनीज मांझा बेचने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मीटिंग के दौरान महाराजपुर और सेन पश्चिम पारा थानों को विशेष चेतावनी दी गई। वहीं महिला अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नौबस्ता, बिधनू, शिवराजपुर, सचेंडी, पनकी, कल्याणपुर, काकादेव और किदवई नगर थानों को प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और नारकोटिक्स मामलों में अपेक्षित कार्रवाई न करने पर चकेरी, नरवल, रेल बाजार, बाबूपुरवा और ग्वालटोली थाना प्रभारियों को भी कड़ी चेतावनी दी गई।
कुल मिलाकर, कमिश्नरेट पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अब अपराधियों के साथ-साथ लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई तय है।




