*कानपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग पार्टी का भंडाफोड़, NRI सिटी में छापा—आयोजक और सप्लायर गिरफ्तार*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश):
कानपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल ड्रग पार्टी का पर्दाफाश किया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में NRI सिटी में छापेमारी कर पूरे नेटवर्क को हिला दिया गया।
डीसीपी क्राइम ब्रांच और एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके से एलएसडी समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए। छापे के दौरान पार्टी में मौजूद 100 से अधिक छात्र-छात्राएं भी पुलिस के घेरे में आए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, यह पार्टी पहले से योजनाबद्ध थी, जिसमें शहर के विभिन्न कॉलेजों के युवाओं को आमंत्रित किया गया था। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेड डालकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मौके से पार्टी के आयोजक और ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर अब पुलिस ड्रग्स सप्लाई चेन के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार शहर के बाहर या किसी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस का सख्त संदेश:
नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




