*कानपुर सेंट्रल पर फर्जी रेलवे अधिकारी गिरफ्तार, ठगी के एंगल की जांच शुरू*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश):
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एक फर्जी रेलवे अधिकारी के पकड़े जाने का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो खुद को रेलवे अधिकारी बताकर ट्रेन में सफर कर रहा था और यात्रियों पर रौब झाड़ रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिव गंगा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था। उसके व्यवहार और पहचान पर संदेह होने पर यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने इसकी सूचना दी। इसके बाद विजिलेंस और रेलवे सुरक्षा टीम ने मौके पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी के पास से रेलवे मंत्रालय का एक फर्जी पहचान पत्र (आईडी कार्ड) बरामद हुआ। आईडी की सत्यापन प्रक्रिया में यह पूरी तरह नकली पाया गया। ट्रेन के कानपुर सेंट्रल पहुंचते ही टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी रकम ऐंठी।
पुलिस और रेलवे प्रशासन आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही उसके संभावित नेटवर्क और अन्य साथियों की भी गहन जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि रेलवे में फर्जी पहचान बनाकर ठगी करने के ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जहां आरोपी नकली आईडी और वर्दी का इस्तेमाल कर लोगों को धोखा देते हैं।




