*नारी शक्ति वंदन विधेयक लागू, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण, उन्नाव में जागरूकता कार्यक्रम, सशक्तिकरण पर दिया गया जोर।*
खबर उन्नाव से है जहां केंद्र सरकार के ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विकास भवन सभागार में एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुधा शुक्ला और सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज शामिल हुए। सिटी मजिस्ट्रेट ने विधेयक के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 106वें संविधान संशोधन के तहत यह अधिनियम लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यह कदम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल कर देश के लोकतंत्र को और मजबूत करेगा।
बता दें कि कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिका सुधा शुक्ला ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक होंगी और हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाने के लिए आगे आएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाएं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। ग्रामीण क्षेत्रों तक इस विधेयक की जानकारी पहुंचाने पर भी विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने बताया कि ग्राम पंचायतों, जिला परिषदों और स्थानीय निकायों के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों, विशेषकर महिला प्रधानों के जरिए गांव-गांव तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। ‘मिशन शक्ति’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं को गांव स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को सशक्त बनाकर समाज के समग्र विकास को गति दी जा सके।
बाइट – सुधा शुक्ला सम्मानित शिक्षिका।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




