आर.सी.एच. रैंकिंग 2025-26 में लखनऊ मंडल अव्वल, उन्नाव बना मंडल का अग्रणी जनपद
उन्नाव, 16 अप्रैल 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी वर्ष 2025-26 की ‘आर.सी.एच. कंपोजिट परफार्मेंस इंडेक्स’ (RCH Composite Performance Index) में लखनऊ मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के 18 मंडलों में प्रथम स्थान हासिल किया है। मंडल ने 75.52 प्रतिशत के कंपोजिट स्कोर के साथ यह उपलब्धि दर्ज की है।
डॉ.जी.पी. गुप्ता , अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लखनऊ मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ मंडल का प्रदर्शन प्रदेश के औसत स्कोर 66.25 प्रतिशत से काफी बेहतर रहा है। रैंकिंग में गोंडा मंडल 75.03 प्रतिशत के साथ दूसरे और अलीगढ़ मंडल 73.62 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन संकेतकों में अभी सुधार की आवश्यकता है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए भविष्य में भी मंडल की अग्रणी स्थिति को बनाए रखा जाए।
जनपदवार प्रदर्शन
लखनऊ मंडल के सभी छह जनपदों ने स्वास्थ्य मानकों पर सराहनीय कार्य किया है। जनपद उन्नाव 83.8 प्रतिशत स्कोर के साथ प्रदेश में चौथे स्थान पर रहकर मंडल में शीर्ष पर रहा। इसके बाद रायबरेली 79.1 प्रतिशत के साथ नौवें, सीतापुर 77.1 प्रतिशत के साथ 12वें, हरदोई 74.0 प्रतिशत के साथ 23वें, लखनऊ 69.7 प्रतिशत के साथ 33वें तथा खीरी 69.4 प्रतिशत के साथ 36वें स्थान पर रहे।
स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार
मंडल के जनपदों ने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, प्रथम त्रैमास पंजीकरण, संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण जैसे प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। विशेष रूप से उन्नाव जनपद ने पूर्ण एएनसी (Full ANC) में 97.6 प्रतिशत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, जनपदीय एवं ब्लॉक प्रबन्धन इकाई के समन्वित प्रयासों को दिया है।




