*ओलावृष्टि के बाद फसल बचाने की जंग, धूप निकलते ही कटाई-मड़ाई में जुटे किसान*
परियर, उन्नाव। सदर तहसील क्षेत्र के मरौदा मझवारा गांव में बीते 2–3 दिनों तक चली तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। हालांकि मौसम में आंशिक सुधार और धूप निकलते ही किसानों ने फसल बचाने की जंग तेज कर दी है। गेहूं की कटाई और उसे सुखाने का काम अब युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
लगातार बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई है, जिससे कटाई में दिक्कतें बढ़ गई हैं। किसानों—दिगपाल सिंह, रमेश, धर्मेंद्र सिंह और पप्पू रावत—ने बताया कि इस बारिश से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने और उनके काले पड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में किसान जल्द से जल्द कटी हुई फसल को समेटकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
धूप निकलते ही किसान मड़ाई के लिए मशीनों का सहारा ले रहे हैं, ताकि भीगी हुई फसल को जल्दी सुखाकर नुकसान को कम किया जा सके। वहीं, बेमौसम बारिश का असर सब्जी फसलों पर भी पड़ा है। खीरा और ककड़ी की फसल को खासा नुकसान हुआ है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
कई इलाकों में अधिक नमी के कारण कटाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे उत्पादन घटने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे हालात में किसानों के सामने आर्थिक नुकसान का खतरा मंडरा रहा है और वे हर संभव प्रयास कर अपनी फसल बचाने में जुटे ।
*अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता*




