*कानपुर में किडनी कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त, कई अस्पतालों पर कार्रवाई तेज*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर (उत्तर प्रदेश)
कानपुर में हाल ही में सामने आए कथित किडनी कांड के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कल्याणपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई निजी अस्पतालों पर अचानक छापेमारी की।
✍️ छापेमारी के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दिव्य रिलैक्स अस्पताल और एमएस हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं मोहित मेडिकल सेंटर और शिव सर्जिकल सेंटर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
✍️ जांच में यह सामने आया कि कई अस्पताल निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहे थे। कुछ स्थानों पर आवश्यक लाइसेंस नहीं मिले, तो कहीं योग्य डॉक्टरों की कमी पाई गई। इसके अलावा बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव देखने को मिला।
✍️ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
👉 स्वास्थ्य विभाग की इस सख्ती से शहर के निजी अस्पतालों में हड़कंप मच गया है और कई संस्थान अब अपने दस्तावेज व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं।




