*चौबेपुर में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या या आत्महत्या—जांच जारी*
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत चौबेपुर थाना क्षेत्र के नाथुपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिलने के बाद मामला और भी पेचीदा हो गया है।
प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। इस घटना ने परिजनों और ग्रामीणों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि महिला की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।




