*उन्नाव में खुले ट्रांसफार्मर बने खतरा, हादसे का बढ़ा अंदेशा*
अस्तित्व कुशवाहा की रिपोर्ट
उन्नाव (उत्तर प्रदेश),
जिले के हरदोई पुल स्थित कृष्णा नगर क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यामाहा एजेंसी के पास लगे ट्रांसफार्मर बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले पड़े हैं, जिससे क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के आसपास न तो कोई सुरक्षा घेरा लगाया गया है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड मौजूद है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर गुजरते हैं, जिससे खतरा और भी बढ़ गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हल्की सी चिंगारी या किसी की छोटी सी चूक गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेरा लगाया जाए और चेतावनी संकेत बोर्ड स्थापित किए जाएं, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके।
फिलहाल सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा या समय रहते कार्रवाई की जाएगी




