*30 लाख दो या किडनी दे दो! बीमारी छिपाकर शादी करने वाले पति पर पत्नी का आरोप, FIR दर्ज*
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर में किडनी से जुड़ा एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चकेरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि शादी से पहले पति की गंभीर किडनी बीमारी को छिपाया गया और बाद में महिला पर 30 लाख रुपये या किडनी देने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 22 जून 2023 को लखनऊ निवासी निशांत कुमार से हुई थी। शादी के बाद पति का व्यवहार संदिग्ध लगा और वह लगातार दवाइयां लेता रहा। जब महिला ने जांच की तो पता चला कि पति की दोनों किडनी पहले से खराब थीं और इसका इलाज पहले से चल रहा था, जिसे शादी से पहले छिपाया गया।
महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उस पर 30 लाख रुपये लाने या किडनी की व्यवस्था करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और गाली-गलौज की गई। महिला ने पति पर अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। साथ ही, मायके जाते समय उसके गहने भी निकाल लेने का आरोप लगाया गया है।
मामले में पुलिस ने पति निशांत कुमार, ससुर और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, धमकी और मानसिक प्रताड़ना की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।




