*कानपुर में बड़ी चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार*
*डिस्टिक हेड राहुल द्विवेदी*
📍 कानपुर (उत्तर प्रदेश)
कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बीती रात हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित गंगा ऑयल मिल कंपाउंड में लाखों रुपये व जेवरात की चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त तालीफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, इस चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था। पीड़ित द्वारा सूचना दिए जाने के बाद अनवरगंज थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग व संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना स्थल के पास ही दबोच लिया। इस कार्रवाई में दरोगा शिवम की भी अहम भूमिका रही।
पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसमें चोरी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी आशंका है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा हो, जिसके लिए उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और चोरी गए जेवरों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।




