*कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार*
*कानपुर डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अवैध किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का खुलासा करते हुए शहर के नामी डॉक्टरों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर डीसीपी वेस्ट एस. एम. कासिम आबिदी के पर्यवेक्षण और रावतपुर थानाध्यक्ष कमलेश राय के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध मानव अंग कारोबार में संलिप्त 5 अभियुक्त और एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में डा. सुरजीत सिंह आहूजा, डा. प्रीति आहूजा, डा. राजेश कुमार, डा. राम प्रकाश, डा. नरेंद्र सिंह और शिवम अग्रवाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक शिवम अग्रवाल एंबुलेंस चालक है, जो खुद को डॉक्टर बताता था।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध दवाइयां और करीब 1.75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस पूरे मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, इस अवैध नेटवर्क की जांच के लिए पुलिस टीम के साथ-साथ सीएमओ टीम भी जुटी हुई है। सीएमओ के नेतृत्व में अपर चिकित्साधिकारी डा. रमित रस्तोगी और डा. राजेश सिंह भी जांच में सहयोग कर रहे हैं।
सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम 1994 की धारा 18, 19, 20 और बीएनएस की धारा 143/3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े और भी बड़े खुलासे जल्द हो सकते हैं, फिलहाल मामले की गहन जांच जारी




