*उन्नाव हाथ टूटने पर पीठ-पेट तक चढ़ा प्लास्टर, झोलाछाप डॉक्टर पर उठे सवाल।*
पंकज श्रीवास्तव ब्यूरो
उन्नाव। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 7 वर्षीय बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर होने पर डॉक्टर ने ऐसा प्लास्टर चढ़ा दिया, जिसे देखकर हर कोई चौंक गया। हाथ के इलाज के बजाय प्लास्टर को पीठ और पेट तक फैला दिया गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
माखी थाना क्षेत्र के गुलाबखेड़ा गांव निवासी 7 वर्षीय अनुज साइकिल से गिरकर घायल हो गया था, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ‘मुस्कान हॉस्पिटल’ ले गए। आरोप है कि वहां डॉक्टर ने हाथ के बजाय पूरे ऊपरी शरीर तक प्लास्टर चढ़ा दिया।
घर पहुंचने पर बच्चे की हालत देखकर परिजन हैरान रह गए। उनका कहना है कि प्लास्टर के कारण बच्चे को काफी परेशानी हो रही है। सवाल यह उठ रहा है कि हाथ के फ्रैक्चर में इतना बड़ा प्लास्टर क्यों किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने डॉक्टर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। वहीं, राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर निशाना साधा है।
फिलहाल, मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




