*प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: युवती ने लगाई फांसी, दहेज व उत्पीड़न के आरोप*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। हसनगंज थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों ने युवक पर दहेज मांगने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामला ग्राम मौउला माखीपुर का है। बताया जा रहा है कि युवती का अपने दूर के रिश्तेदार युवक से करीब दो वर्ष पहले प्रेम संबंध हुआ था। दोनों ने परिवार के विरोध के बावजूद घर से भागकर हसनगंज के एक मंदिर में शादी कर ली थी।
शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव शुरू हो गया और आए दिन विवाद होने लगे। इसके बाद युवती अपने मायके लौट आई थी। परिजनों के अनुसार, 28 मार्च की दोपहर करीब दो बजे युवती की युवक से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के कुछ देर बाद वह गांव के पास आम के बाग में पहुंची और दुपट्टे के सहारे पेड़ से फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि युवक दहेज की मांग करता था और युवती के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




