*गोविंदनगर सुसाइड मिस्ट्री में नया खुलासा, CCTV फुटेज ने बढ़ाई जांच की दिशा*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में 19 मार्च को हुए युवक अमन के सुसाइड मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना से पहले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पुलिस जांच की दिशा भी बदलती नजर आ रही है।
जानकारी के अनुसार, गोविंद नगर इलाके में नटराज टॉकीज चौराहे के पास कच्ची बस्ती निवासी सुमित पाल के मकान में हाकिम सिंह अपने परिवार के साथ किराए पर रहते हैं। बीते 19 मार्च को हाकिम सिंह की पत्नी नीलम देवी किसी जरूरी काम से अपने मायके काकूपुर (शिवराजपुर) गई हुई थीं और घर पर उनका 19 वर्षीय बेटा अमन अकेला था। उसी मकान में पम्मी नाम की महिला भी किराए पर रहती है।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर अमन और पम्मी के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर अमन अपने कमरे में चला गया, जबकि पम्मी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अमन बाहर नहीं आया। बाद में जब दरवाजा खोला गया तो वह कमरे के अंदर मृत मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
घटना के बाद प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या माना गया, लेकिन अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। फुटेज में अमन और पम्मी के बीच तीखी बहस और झगड़ा साफ दिखाई दे रहा है। साथ ही पम्मी के कुछ अन्य साथी भी मौके पर मौजूद नजर आ रहे हैं, जो अमन से विवाद करते दिख रहे हैं।
अमन के परिजनों का आरोप है कि पम्मी और उसके साथियों ने अमन के साथ मारपीट की थी, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि पहले उन्हें पूरी घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सच्चाई स्पष्ट हुई है।
परिजनों ने पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करीब सात महीने पहले अमन को चोरी के शक में पुलिस ने पीटा था, जिसके बाद से वह पुलिस से काफी डरता था। घटना वाले दिन भी पुलिस के आने की जानकारी मिलने पर वह घबरा गया और उसने यह कदम उठा लिया।
मामले में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी का कहना है कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और इसकी गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि यदि किसी भी व्यक्ति या पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अमन के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएंगे।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है और अमन की मौत के पीछे असल वजह क्या सामने आती है।




