*उन्नाव फसल काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद, मारपीट में कई घायल।*
अस्तित्व कुशवाहा संवाददाता
उन्नाव। सफीपुर क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में गुरुवार दोपहर खेत की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सफीपुर भेजा।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बटाई पर खेती को लेकर प्रथम पक्ष और द्वितीय पक्ष के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट में प्रथम पक्ष के अनिल कुमार पासी (45), राम आसरे पासी (43), हरिश्चंद्र लोध (50), राजेंद्र पासी (52) और राधा पासी (52) घायल हो गए। खेत मालिक ऋषभ सिंह (32) भी इस पक्ष से जुड़े बताए गए हैं। सभी घायलों का सीएचसी सफीपुर में उपचार कराया जा रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष में रईस बेग (58), फैसल मिर्जा (27), शूफियान (26), रहमान (24), फैजान (23) और चांद बीबी के नाम सामने आए हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूसरे पक्ष के लोग मौके से चले गए।
घटना की सूचना पर सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, गांव में फिलहाल शांति है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है।
बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।




