*📰 मंदिर जा रहे परिवार की कार पलटी, दो बच्चों सहित चार घायल; एम्बुलेंस के इंतजार में तड़पते रहे लोग*
*डिस्ट्रिक हेड: राहुल द्विवेदी*
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चंद्रिका माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो मासूम बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए।
बताया गया कि कार चालक ओमप्रकाश अपने रिश्तेदारों के साथ कानपुर से उन्नाव (बक्सर घाट) स्थित चंद्रिका माता मंदिर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार महाराजपुर क्षेत्र के पुरवामीर स्थित मंगलम स्वीट हाउस के सामने पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई।
हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में सत्यम (10), अंकुश (12), गुड़िया (35) पत्नी अरविंद कुमार और लकी (5) घायल हो गए।
*🚑 एम्बुलेंस सेवा पर उठे सवाल*
घटना के बाद सबसे चिंताजनक बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद करीब 45 मिनट तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस दौरान घायल सड़क पर तड़पते रहे। आखिरकार राहगीरों की मदद से उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जो घटनास्थल से मात्र छह किलोमीटर दूर था।
इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में एम्बुलेंस सेवा के प्रति भारी नाराजगी देखी गई।
*🚓 पुलिस ने संभाला मोर्चा*
हादसे के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।




