*📰 कानपुर: फर्जी लूट का खुलासा, खुद पीड़ित ही निकला मास्टरमाइंड*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर, रायपुरवा।
रायपुरवा थाना क्षेत्र में लूट की एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस व्यक्ति ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला।
मेरठ निवासी अंतिम सोनी ने पुलिस को सूचना दी थी कि टेम्पो चालक ने उससे 8 लाख रुपये नकद और करीब 30 लाख रुपये के जेवर लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम जांच में जुट गई।
जांच के दौरान पुलिस को कई तथ्य संदिग्ध लगे। अंतिम सोनी ने घटना का जो समय और स्थान (अफीम कोठी) बताया था, उस समय उसकी लोकेशन पनकी पड़ाव पाई गई। इससे मामला फर्जी होने की आशंका गहराने लगी।
पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो अंतिम सोनी ने सच्चाई उगल दी। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह पूरी फर्जी लूट की कहानी एक महिला को प्रभावित करने और उससे पैसे ऐंठने के उद्देश्य से रची थी।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सरोज के नेतृत्व में थाना रायपुरवा पुलिस, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम सेंट्रल जोन ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
👉 पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर फर्जी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।




