*📰 कानपुर नगर: गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी का नया खेल? उपभोक्ता परेशान*
*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर नगरशहर में रसोई गैस को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। आरोप है कि कुछ गैस एजेंसियों ने कालाबाजारी का नया तरीका अपना लिया है, जिससे आम उपभोक्ता खासे परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिना उनकी जानकारी के सिलेंडर बुक होने का मैसेज आ रहा है। इसके बाद अगले ही दिन “डिलीवर” होने का मैसेज भी भेज दिया जाता है, जबकि हकीकत में लोगों को गैस सिलेंडर मिल ही नहीं रहा।
जब उपभोक्ता एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचते हैं, तो उन्हें लंबी-लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों का कहना है कि तीन-तीन दिन तक चक्कर लगाने के बावजूद भी उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब रिकॉर्ड में बुकिंग और डिलीवरी दोनों दिख रही हैं, तो आखिर ये गैस सिलेंडर जा कहां रहे हैं? उपभोक्ताओं को संदेह है कि कहीं एजेंसी स्तर पर सिलेंडरों की कालाबाजारी कर उन्हें ब्लैक में तो नहीं बेचा जा रहा।
सूत्रों के अनुसार, बीते दिनों बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग हुई और एजेंसियों को पर्याप्त आपूर्ति भी की गई। इसके बावजूद कमी और लंबी कतारें कई सवाल खड़े कर रही हैं।
👉 अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस पूरे मामले की जांच करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।




