*📰 रामनवमी शोभायात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क, बैठक में दिए गए आवश्यक निर्देश*

*डिस्ट्रिक हेड राहुल द्विवेदी*
कानपुर। आगामी रामनवमी पर्व के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को रावतपुर स्थित रावेल सिंह पैलेस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने की।
बैठक के दौरान डॉ. विपिन ताडा ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं संबंधित जनमानस से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कासिम आबिदी, पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रामनवमी के दृष्टिगत क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाए, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन द्वारा आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।




