फजलगंज में राधा-कृष्ण मंदिर की मर्यादा पर संकट! नाले का गंदा पानी बहने से श्रद्धालु परेशान, कार्रवाई की मांग

डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। फजलगंज क्षेत्र में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास नाले का गंदा पानी बहाए जाने का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी और बदबू के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे भक्तों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर के ऊपर रहने वाली ज्योति शुक्ला और सिमी नाम की महिलाओं द्वारा नाले का गंदा पानी मंदिर परिसर की ओर बहाया जा रहा है। इसके कारण मंदिर के आसपास गंदगी फैल रही है और श्रद्धालुओं को दर्शन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब इस मामले को लेकर उनसे शिकायत की जाती है तो वे गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करती हैं। इससे मंदिर आने वाले भक्तों और स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत कई बार नगर निगम को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होंगे।
क्षेत्र के श्रद्धालुओं और निवासियों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मंदिर परिसर की स्वच्छता और धार्मिक मर्यादा बनी रहे




