सपा विधायक की गैस एजेंसी से 137 सिलेंडर चोरी का खुलासा, सात शातिर गिरफ्तार
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र में सपा विधायक Amitabh Bajpai की गैस एजेंसी के गोदाम से 137 गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के कई सिलेंडर और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
मंगलवार रात बिल्हौर के दीपपुर गांव स्थित गैस एजेंसी के गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश लोडर वाहन लेकर पहुंचे और गोदाम में रखे सिलेंडरों को लादकर फरार हो गए।
सुबह जब कर्मचारी गोदाम पहुंचे तो ताला टूटा मिला और बड़ी संख्या में सिलेंडर गायब देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद एजेंसी प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक चोरी गए सिलेंडरों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। गोदाम से 14 किलो के 127 भरे घरेलू गैस सिलेंडर, सात खाली सिलेंडर और 19 किलो के तीन कॉमर्शियल सिलेंडर गायब थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के बाकी सिलेंडरों की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
अ




