कानपुर में ‘महामंथन’: आज समन्वय बैठक में पहुंचेंगे CM योगी, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय में शुक्रवार को विचार परिवार की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सहित पार्टी और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और वैचारिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसे संगठन और विचार परिवार के बीच तालमेल को मजबूत करने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
सुबह 11 बजे कानपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
भाजपा के बुंदेलखंड-कानपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 11 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) के हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां कानपुर महानगर के सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य उनका स्वागत करेंगे।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सड़क मार्ग से कानपुर पहुंचेंगे।
जाजमऊ पुल पर होगा स्वागत
मुख्यमंत्री के शहर आगमन पर जाजमऊ पुल पर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद सभी वरिष्ठ नेता नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय पहुंचकर समन्वय बैठक में भाग लेंगे।
संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा फोकस
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार यह बैठक संगठन और विचार परिवार के बीच समन्वय को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और सांगठनिक रणनीति पर चर्चा के लिए आयोजित की जा रही है।




