*परियर नया खेड़ागांव में अवैध क्लीनिक संचालित होने का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग*
उन्नाव। सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के परियर नया खेड़ागांव में बिना पंजीकरण और मान्यता के अस्पताल, क्लीनिक व पॉलीक्लीनिक संचालित होने का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे चिकित्सा केंद्रों में खुलेआम मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जबकि योग्य डॉक्टरों की उपलब्धता स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार संबंधित केंद्र पर प्रतिदिन सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक बड़ी संख्या में मरीज देखे जाते हैं। बताया गया कि मरीजों की संख्या दो से तीन सौ तक पहुंच रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां एमबीबीएस डिग्रीधारी चिकित्सक की तैनाती स्पष्ट नहीं होने के बावजूद दवाएं दी जा रही हैं और उपचार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में जांच के लिए आती है तो कार्रवाई मुख्य सड़क तक ही सीमित रहती है, जबकि गांव के भीतर संचालित केंद्रों की प्रभावी जांच नहीं की जाती। इससे कथित झोलाछाप चिकित्सकों का मनोबल बढ़ रहा है।
मामले में एसीएमओ ने कहा कि शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही टीम गठित कर संबंधित स्थानों पर जांच व छापेमारी की जाएगी। यदि मानकों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, क्षेत्रीय लोगों ने अवैध अस्पतालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कदम उठाया जाना आवश्यक है।
अस्तित्व कुशवाहा उन्नाव संवाददाता




