मेहरबान सिंह पुरवा में दंगल… अखाड़े में उतरे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, माइक थामकर की कुश्ती कॉमेंट्री
डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी
कानपुर।मेहरबान सिंह पुरवा में स्वर्गीय चौधरी हरमोहन सिंह यादव की पुण्य स्मृति में आयोजित दंगल में उस समय अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक खुद अखाड़े में उतर आए। उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और माइक थामकर कुश्ती की लाइव कॉमेंट्री कर दर्शकों का रोमांच दोगुना कर दिया।
रविवार को आयोजित इस पारंपरिक दंगल में जैसे ही सफेद कुर्ता-पायजामा पहने डिप्टी सीएम अखाड़े की मिट्टी पर पहुंचे, पूरा मैदान ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। उपमुख्यमंत्री ने दिल्ली के दिग्गज पहलवान आशीष और हरियाणा के जोंटी पहलवान के बीच होने वाले मुकाबले का संचालन किया। उन्होंने पहलवानों से हाथ मिलवाया और दांव-पेंचों की बारीकियों पर टिप्पणी करते हुए मुकाबले को और रोचक बना दिया।
चौधरी हरमोहन सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने स्वर्गीय चौधरी हरमोहन सिंह यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दंगल हमारी प्राचीन खेल परंपरा का अहम हिस्सा है और चौधरी साहब ने हमेशा मिट्टी से जुड़े खेलों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती ने देश को कई महान पहलवान दिए हैं और सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
आशीष और जोंटी के बीच कांटे की भिड़ंत
अखाड़े में दिल्ली के आशीष और हरियाणा के जोंटी पहलवान के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। डिप्टी सीएम की मौजूदगी और उनकी उत्साहवर्धक कॉमेंट्री से अखाड़े का माहौल और जोशीला हो गया। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को चित करने के लिए शानदार दांव-पेंच आजमाए, जिस पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।




