भूमि विकास बैंक डायरेक्टर चुनाव में भाजपा का दबदबा, कानपुर जिले की चारों सीटों पर निर्विरोध जीत
डिस्ट्रिक हेड। राहुल द्विवेदी
कानपुर। भूमि विकास बैंक (एलडीबी) के डायरेक्टर पद के चुनाव में इस बार भाजपा का दबदबा देखने को मिला। कानपुर जिले की चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की। इसमें कानपुर नगर से राजेश सिंह, बिल्हौर से रामशरण कटियार, घाटमपुर से सुमनलता सचान और चौबेपुर से सुरेंद्र दीक्षित चुने गए हैं।
कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र की बात करें तो कुल 45 सीटों में से 41 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जो क्षेत्र में पार्टी की मजबूत पकड़ को दर्शाता है।
इटावा में पहली बार मुकाबला, झांसी की एक सीट पर चुनाव निरस्त
इटावा जिले की तीन सीटों पर पहली बार मतदान हो रहा है। इससे पहले यहां सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में सपा को छोड़कर अन्य दलों की ओर से नामांकन तक नहीं कराया जाता था, लेकिन इस बार भाजपा और सपा आमने-सामने हैं।
वहीं कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र की झांसी जिले की मऊरानीपुर सीट पर किसी कारणवश चुनाव निरस्त कर दिया गया है। इन सीटों के परिणाम फिलहाल घोषित नहीं किए गए हैं। इटावा में 27–28 जनवरी को मतदान होने के बाद ही सभी सीटों के परिणाम औपचारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।
ग्रामीण रुझान का संकेत माने जाते हैं एलडीबी चुनाव
कानपुर नगर में पिछली बार चार में से घाटमपुर और चौबेपुर सीटों पर चुनाव नहीं हुआ था, जबकि इस बार बिल्हौर और कानपुर नगर समेत सभी सीटों पर चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
हालांकि भूमि विकास बैंक के डायरेक्टर पद के चुनाव का सीधा असर राजनीतिक समीकरणों पर कम पड़ता है, लेकिन इसे ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं के रुझान का संकेतक माना जाता है। आमतौर पर यह देखा गया है कि सत्ता में मौजूद पार्टी के प्रत्याशी अधिकतर सीटों पर जीत हासिल करते हैं।




