रावतपुर–कार्डियोलॉजी पर ट्रैफिक का ‘किलर जाम’ खत्म!
एंबुलेंस के लिए बना ग्रीन कॉरिडोर, अब एक सेकेंड भी बर्बाद नहीं
*सबसे तेज खबर सबसे पहले*
*टाइम्स एंड स्पेस न्यूज चैनल*
*डिस्ट्रिक हेड | राहुल द्विवेदी*
कानपुर। शहर के सबसे बदनाम ट्रैफिक पॉइंट रावतपुर क्रॉसिंग पर अब जाम नहीं, बल्कि रफ्तार दिखेगी। रावतपुर से कार्डियोलॉजी अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर लागू कर दिया गया है, जिससे गंभीर मरीजों को लेकर दौड़ती एंबुलेंस अब ट्रैफिक में फंसकर जिंदगी की जंग नहीं हारेगी।
पिलर नंबर 201 से 226 तक जीटी रोड पर की गई इस नई व्यवस्था में डिवाइडर पर लोहे की जाली वाली मजबूत दीवार खड़ी कर दी गई है। अब न कोई डिवाइडर फांदेगा, न बीच सड़क पर अचानक इंसानों की भीड़ दिखेगी—सीधा फायदा एंबुलेंस और तेज रफ्तार वाहनों को मिलेगा।
🚧 जहां हर मिनट लगता था जाम, वहीं अब फर्राटा
अब तक हालात यह थे कि काकादेव, परेड और जरीब चौकी की ओर से आने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और टेंपो चालक जीटी रोड पर ही सवारी उतारते-बिठाते थे। यात्री डिवाइडर फांदकर दूसरी लेन में कूद जाते थे और देखते ही देखते सड़क चलती-फिरती पार्किंग में बदल जाती थी। नतीजा—दिनभर जाम, हॉर्न और अफरा-तफरी।
🛑 अब सवारी एक लेन में, एंबुलेंस दूसरी लेन में
डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर जीटी रोड पर टू-वे बैरियर लगाकर अलग लेन बना दी गई है।
सवारी उतारने-बिठाने वाले वाहन एक लेन में
बिना रुके निकलने वाले वाहन मुख्य लेन में
यही मुख्य लेन अब ग्रीन कॉरिडोर है, जहां एंबुलेंस को कोई नहीं रोकेगा।
कल्याणपुर से कार्डियोलॉजी की ओर दादी रानी मंदिर और जेके कैंसर अस्पताल के पहले गेट के सामने भी यही मॉडल लागू किया गया है।
🚑 “अब जाम नहीं, सीधे अस्पताल” – डीसीपी ट्रैफिक
कोट—
“इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में एंबुलेंस कार्डियोलॉजी और हैलट जाती हैं। पहले जाम में फंसने से जान पर बन आती थी। ग्रीन कॉरिडोर लागू होने के बाद एंबुलेंस बिना रुके सीधे अस्पताल पहुंचेंगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
— रवींद्र कुमार, डीसीपी ट्रैफिक




